नाहन : पुलिस थाना रेणुका जी के तहत ददाहू बाजार में सड़क पर निर्माण सामग्री रखकर यातायात में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बीते बुधवार (2 सितंबर) को रेणुका जी थाना पुलिस की एक टीम ददाहू बाजार में गश्त पर थी। इस दौरान PWD रेस्ट हाउस ददाहू के समीप सड़क किनारे पत्थरों का ढेर, रेत-बजरी और सीमेंट/सामग्री के कट्टे पड़े पाए गए। इस वजह से सड़क का एक बड़ा हिस्सा घिर गया था और मार्ग आंशिक रूप से बाधित हो गया था, जिससे वाहनों की आवाजाही में काफी परेशानी आ रही थी।

सड़क पर रखी इस सामग्री के बारे में जब पुलिस ने पूछताछ की, तो पता चला कि यह ईंटें, पत्थर और बजरी अजय कुमार गर्ग (पुत्र श्री श्याम लाल), निवासी गांव, डाकघर व तहसील ददाहू, जिला सिरमौर के हैं।
सड़क अवरुद्ध कर आम जनता व वाहनों के लिए आवागमन में बाधा उत्पन्न करने पर पुलिस थाना रेणुका जी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगामी तफ़तीश जारी है।