सोलन: जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने नशे के खिलाफ जारी अपने अभियान के तहत धर्मपुर क्षेत्र में मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को भारी मात्रा में चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, SIU टीम को सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट डिजायर कार में नशे की खेप ले जाई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और संदिग्ध कार को तलाशी के लिए रोका। जब वाहन की जाँच की गई, तो उसमें सवार युवकों के कब्जे से 19.68 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान गाड़ी में तीन युवक सवार थे। जैसे ही पुलिस ने गाड़ी रोकी, उनमें से एक युवक रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में कामयाब रहा। पुलिस की टीमें फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और विभाग का दावा है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की जाँच कर रही है। इसके साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशे की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसके तार और किन-किन लोगों से जुड़े हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।