धर्मशाला में बनेगा 33 करोड़ का आइस स्केटिंग रिंक, सीएम ने दी बड़ी सौगात

Photo of author

By Hills Post

कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के धर्मशाला को एक बड़ी सौगात दी है। उन्होंने धर्मशाला के सकोह में करीब 33.78 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इंडोर आइस स्केटिंग और रोलर स्केटिंग रिंक की आधारशिला रखी है। यह प्रोजेक्ट खेल और पर्यटन दोनों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

इस नए स्केटिंग रिंक को पूरी तरह से अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इमारत के बेसमेंट में जिम, बिलियर्ड्स रूम और कैफे की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा ग्राउंड फ्लोर पर वीआईपी लाउंज और ऊपरी बालकनी में एक साथ 1,079 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। वहीं रोलर स्केटिंग रिंक की दर्शक दीर्घा में 250 लोग बैठ सकेंगे। पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां 250 गाड़ियों की पार्किंग भी बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने मंच से अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और इस प्रोजेक्ट को तय समय पर पूरा किया जाए।

स्केटिंग रिंक की आधारशिला रखने के अलावा मुख्यमंत्री ने धर्मशाला शहर के लिए 982 लाख रुपये की लागत से बने आधुनिक सीवरेज और सेप्टेज प्रबंधन प्लांट का भी उद्घाटन किया। इस प्लांट की क्षमता 60 केएलडी प्रतिदिन है। इसके शुरू होने से धर्मशाला के उन सात वार्डों की बड़ी समस्या दूर हो जाएगी जो अब तक सीवरेज नेटवर्क से नहीं जुड़े थे। इस सुविधा से शहर के लगभग 7,500 परिवारों को सीधा फायदा मिलेगा।

इस खास कार्यक्रम में कृषि मंत्री चंद्र कुमार, ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया और पर्यटन विकास बोर्ड के अध्यक्ष आर.एस. बाली समेत कई अन्य विधायक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।