नशा, आत्महत्या और सम्मान पर खुली बात, जीनियस ग्लोबल स्कूल में जागरूकता मंच

Photo of author

By Hills Post

सोलन: शहर के आनंद विहार स्थित जीनियस ग्लोबल स्कूल में छात्रों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें करीब 150 छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. रंजना आनंद ने मुख्य वक्ता (रिसोर्स पर्सन) के रूप में छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने पढ़ाई के लिए सही टाइम टेबल बनाने, समय का सही उपयोग करने और सेल्फ स्टडी की आदत डेवलप करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई और खुद मेहनत करना ही आगे बढ़ने का रास्ता है।

डॉ. आनंद ने सेल्फ रिस्पेक्ट यानी आत्म-सम्मान के महत्व को भी सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने कहा कि छात्र खुद पर विश्वास रखें। अपने मूल्यों को समझें। तभी जीवन की चुनौतियों का बेहतर तरीके से सामना कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने समाज में लड़कियों और महिलाओं के सम्मान को लेकर भी छात्रों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि एक अच्छे समाज के लिए महिलाओं और युवतियों का सम्मान जरूरी है। इसकी शुरुआत बचपन से होनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान बढ़ते नशे और आत्महत्या जैसे गंभीर विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने छात्रों को इनसे दूर रहने और पॉजिटिव सोच अपनाने की सलाह दी। इस मौके पर छात्रों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। आव्या, सिरत, अर्श अहमद और वेदांत सहित कई छात्रों ने अपने विचार साझा किए और सवाल पूछे, जिससे सत्र दिलचस्प बन गया।

स्कूल की एमडी नीति शर्मा ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों के समग्र विकास के लिए बहुत जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में सिर्फ किताबों की पढ़ाई काफी नहीं है। बच्चों को जीवन के सही मूल्य भी सिखाने जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों में आत्म-सम्मान होना चाहिए। उन्हें सही और गलत का फर्क समझना आना चाहिए। साथ ही, उन्हें अपनी सोच को मजबूत बनाना भी जरूरी है।

नीति शर्मा ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। वे अपनी बात खुलकर रखना सीखते हैं। इससे उनका व्यक्तित्व भी बेहतर बनता है। उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के सत्र बच्चों को जिम्मेदार बनाते हैं। वे समाज के प्रति अपनी भूमिका को समझते हैं। स्कूल आगे भी ऐसे कार्यक्रम करता रहेगा। ताकि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अच्छी सोच और अच्छे संस्कार भी मिल सकें।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।