नारायणगढ़–बरमा पापड़ी रोड पर पुलिस ने 294 ग्राम चिट्टे के साथ दो युवक दबोचे

नाहन : जिला सिरमौर पुलिस के डिटेक्शन सेल ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पंजाब के दो युवकों के कब्जे से 294 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। बरामद नशे की यह खेप व्यावसायिक मात्रा (Commercial Quantity) के अंतर्गत आती है, जिसे क्षेत्र में नशे के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, डिटेक्शन सेल की टीम को कल रात को नशे की खेप ले जाए जाने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसी आधार पर टीम ने नारायणगढ़–बरमा पापडी रोड पर अंधेरी के पास नाकाबंदी की। तलाशी के दौरान वहां से गुजर रहे दो संदिग्ध युवकों को रोका गया, जिनसे भारी मात्रा में यह नशीला पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय आकाशदीप सिंह (निवासी मेहंदीपुर, खेम करण, तरनतारन) और 23 वर्षीय रणजीत सिंह (निवासी मारी मेघा, तरनतारन) के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों आरोपी पंजाब के तरनतारन जिले से ताल्लुक रखते हैं और नशे की इस खेप को हिमाचल के सीमावर्ती इलाकों में खपाने की फिराक में थे। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इन युवकों के तार और किन-किन स्थानीय तस्करों से जुड़े हैं।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि कालाअंब में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपियों को जल्द ही माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा ताकि रिमांड हासिल कर इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के सौदागरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।