नाहन: 38 स्कूलों के बीच चमका रामा स्कूल, साइंस क्विज़ में हासिल किया दूसरा स्थान

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : मोगीनंद में 18 और 19 सितंबर को आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामा के विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ‘सीनियर साइंस क्विज़’ में रामा स्कूल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है।

इस साइंस क्विज़ प्रतियोगिता में क्षेत्र के कुल 38 सरकारी व निजी स्कूलों ने भाग लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद ‘सुपर-8’ में जगह बनाने वाला रामा स्कूल इकलौता सरकारी स्कूल रहा, जबकि अन्य 7 निजी (प्राइवेट) स्कूल थे। सुपर-8 के फाइनल मुकाबले में रामा स्कूल की 9वीं कक्षा की छात्रा पीयू ठाकुर और 10वीं कक्षा की छात्रा प्रिया ठाकुर की जोड़ी ने अपनी तीक्ष्ण बुद्धि का प्रदर्शन किया। बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर में अरिहंत स्कूल की टीम मात्र 1 पॉइंट (अंक) से आगे रहकर विजेता बनी, जबकि रामा स्कूल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

छात्राओं की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर स्कूल की साइंस शिक्षिका अभिलाषा की विशेष सराहना की जा रही है। उनके कुशल मार्गदर्शन, कठिन परिश्रम और बेहतरीन कोचिंग के बल पर ही छात्राओं ने 38 स्कूलों के बीच यह स्थान हासिल किया है।

इस शानदार सफलता पर स्कूल की कार्यकारी प्रधानाचार्य नीरजा शुक्ला ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विजेता छात्राओं, उनके अभिभावकों और साइंस टीचर अभिलाषा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि 38 स्कूलों के बीच और प्राइवेट स्कूलों की मौजूदगी में रामा स्कूल के बच्चों का यह प्रदर्शन गर्व की बात है। स्कूल परिवार व स्थानीय ग्रामीणों ने विजेता छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।