नाहन: Drops of Hope के युवाओं ने चंडीमंदिर जाकर बचाई बर्मा पापड़ी की महिला की जान

नाहन : जिला सिरमौर की अग्रणी सामाजिक संस्था ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी’ ने एक बार फिर मानवता की सेवा में मिसाल पेश की है। सोसाइटी के सदस्यों ने न केवल आपातकाल की स्थिति में एक महिला मरीज की मदद की, बल्कि नाहन से हरियाणा के चंडीमंदिर स्थित कमांड अस्पताल जाकर रक्तदान कर एक अनमोल जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाई।

सोसाइटी के अध्यक्ष ईशान राव को जैसे ही इस आपातकालीन स्थिति की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत संस्था के सक्रिय सदस्यों से संपर्क साधा। संस्था के समर्पित सदस्य अवकाश सिंह और निकेश ने बिना समय गंवाए रक्तदान के लिए अपनी सहमति दी। दोनों सदस्य तुरंत नाहन से रवाना होकर हरियाणा के चंडीमंदिर पहुंचे और वहां पहुंचकर अपना रक्तदान किया, जिससे महिला मरीज का ऑपरेशन समय पर संपन्न हो सका।

जानकारी के अनुसार, तहसील नाहन के गांव बर्मा पापड़ी की एक महिला मरीज चंडीमंदिर के कमांड अस्पताल में उपचाराधीन थी महिला का रसोली का ऑपरेशन होना सुनिश्चित हुआ था, लेकिन उनके शरीर में हीमोग्लोबिन की भारी कमी पाई गई। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब पता चला कि मरीज का ब्लड ग्रुप ‘A नेगेटिव’ (A-) है, जो कि एक अत्यंत दुर्लभ श्रेणी का रक्त माना जाता है। अस्पताल और परिजनों द्वारा रक्त का प्रबंध न हो पाने की सूचना जैसे ही ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी’ सिरमौर को मिली, संस्था तुरंत सक्रिय हो गई।

रक्तदान के इस पुनीत कार्य के साथ सोसाइटी के अध्यक्ष और सदस्यों ने समाज को एक कड़ा संदेश भी दे रहे हैं । उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे, विशेषकर ‘चिट्टे’ जैसी घातक बुराई से दूर रहें और अपना जीवन रचनात्मक कार्यों व समाज सेवा में लगाएं। उन्होंने कहा कि “रक्तदानी ही असली जीवनदानी है” और एक स्वस्थ युवा ही समाज की रक्षा कर सकता है। सोसाइटी के इन सदस्यों की इस निस्वार्थ सेवा की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।