नाहन: अनूप का बड़ा जज्बा! आपात स्थिति में पंचकूला पहुँचकर किया प्लाज्मा दान

नाहन : “रक्तदान ही जीवनदान है” इस पंक्ति को एक बार फिर चरितार्थ कर दिखाया है सिरमौर जिले की सामाजिक संस्था ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी’ के सक्रिय सदस्य अनूप ने। आपात स्थिति में नाहन के चासी गाँव के एक गंभीर मरीज की जान बचाने के लिए अनूप ने तत्काल पंचकूला स्थित ओजस अस्पताल पहुँचकर AB पॉजिटिव प्लाज्मा दान किया। उनके इस सराहनीय और निस्वार्थ प्रयास की बदौलत मरीज को समय पर नया जीवन मिल सका।

जानकारी के अनुसार, ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी सिरमौर’ को सूचना प्राप्त हुई थी कि तहसील नाहन के गाँव चासी से संबंध रखने वाले एक मरीज की हालत अत्यंत गंभीर है और वे इस वक्त पंचकूला के ओजस अस्पताल में उपचाराधीन हैं। डॉक्टरों ने बेहद आपातकालीन स्थिति में मरीज के लिए दुर्लभ माने जाने वाले AB+ प्लाज्मा की आवश्यकता जताई थी।

जैसे ही सोसाइटी की ओर से संस्था के सक्रिय सदस्य अनूप से संपर्क किया गया, उन्होंने बिना एक पल गंवाए सेवा के लिए अपनी सहमति दी। अनूप तुरंत नाहन से पंचकूला के ओजस अस्पताल पहुँचे और प्लाज्मा डोनेट कर मरीज के परिजनों को बड़ी राहत पहुँचाई।

अनूप समाजसेवा की एक जीती-जागती मिसाल हैं। वे ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी’ के बेहद समर्पित सदस्य हैं, जो दिन हो या रात, पीड़ित मानवता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। जीवन में यह उनका 70वाँ रक्तदान था, जबकि वे 6 बार प्लाज्मा दान भी कर चुके हैं। उनकी इस नियमित रक्तदान और प्लाज्मा दान की भावना ने अब तक न जाने कितने परिवारों के चिराग बुझने से बचाए हैं।

मरीज की जान बचाने के साथ-साथ ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी’ और रकतदानियों ने युवाओं से एक और महत्वपूर्ण संदेश साझा किया है। सोसाइटी ने समाज के युवाओं से अपील की है कि वे नशे और खासकर ‘चिट्टे’ का हर स्तर पर पुरजोर विरोध करें। नशीले पदार्थों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा और रक्त को किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में लगाएँ, ताकि समाज को एक स्वस्थ और नशामुक्त दिशा मिल सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।