नाहन : हिमाचल प्रदेश के सार्वजनिक स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नया इतिहास रचा गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत कार्यरत ‘राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र’ ने ज़िला सिरमौर नाहन के ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप-स्वास्थ्य केंद्र) कांशीवाला’ को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) का आधिकारिक प्रमाणपत्र जारी कर दिया है। कड़े फिजिकल वेरिफिकेशन के बाद कांशीवाला केंद्र ने 87.01 प्रतिशत अंक प्राप्त कर यह राष्ट्रीय मुकाम हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ कांशीवाला केंद्र फिजिकल स्तर पर NQAS सर्टिफिकेट पाने वाला हिमाचल प्रदेश का पहला आयुष्मान आरोग्य मंदिर बन गया है।
NHSRC की ओर से जारी आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, कांशीवाला स्वास्थ्य केंद्र ने NQAS प्रमाणन के सभी आवश्यक मानदंडों को शत-प्रतिशत पूरा किया है। राष्ट्रीय स्तर के मूल्यांकनकर्ताओं द्वारा केंद्र में उपलब्ध कराए जा रहे सभी 12 सर्विस पैकेजों का गहन निरीक्षण किया गया था। इनमें प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल, नियमित टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएँ, संक्रामक व गैर-संक्रामक रोगों की रोकथाम, आवश्यक दवाओं का रखरखाव, संक्रमण नियंत्रण, और मरीजों की सुरक्षा व अधिकारों जैसे सभी महत्वपूर्ण पैमानों पर केंद्र का प्रदर्शन उत्कृष्ट पाया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अदिति ठाकुर के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी प्रबंधन और गुणवत्तापूर्ण कार्यशैली के चलते यह स्वास्थ्य केंद्र इस राष्ट्रीय शिखर तक पहुँच पाया है। स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय CHO अदिति ठाकुर और केंद्र में कार्यरत समस्त पैरामेडिकल एवं सहायक स्टाफ की दिन-रात की मेहनत को दिया है, जिनकी बदौलत ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को राष्ट्रीय स्तर की स्वास्थ्य सेवाएँ मिल पा रही हैं।
अदिति ठाकुर ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर आशा कार्यकर्ताओं का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया है।उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक करने, गर्भवती महिलाओं व बच्चों का समय पर रिकॉर्ड रखने, टीकाकरण अभियानों को सफल बनाने और आम जनता को इस केंद्र से जोड़ने में आशा कार्यकर्ताओं का योगदान रीढ़ की हड्डी साबित हुआ है। आशा कार्यकर्ताओं की लगन और निरंतर निष्ठा के बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था।