नाहन : ऐतिहासिक शहर नाहन के प्रसिद्ध रानीताल उद्यान के सौंदर्य और स्वच्छता को बनाए रखने के लिए एक विशेष स्वच्छता एवं पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के दौरान होम गार्ड के जवानों और एनसीसी कैडेट्स ने मिलकर रानीताल पार्क परिसर की व्यापक साफ-सफाई की तथा विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। इस अवसर पर जिला सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा विशेष रूप से मौजूद रहीं।
सफाई अभियान के दौरान जवानों और कैडेट्स ने उद्यान के कोने-कोने से कचरा और प्लास्टिक वेस्ट एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया। उल्लेखनीय है कि होम गार्ड विभाग ने रानीताल उद्यान को गोद लिया हुआ है, जिसके तहत इसकी देखभाल और सुंदरता को बनाए रखने के लिए समय-समय पर इस तरह के प्रयास किए जाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उद्यान परिसर में पौधारोपण भी किया गया। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने स्वयं पौधा रोपकर इस हरियाली मुहिम की शुरुआत की। उन्होंने इस सराहनीय पहल के लिए होम गार्ड्स और एनसीसी कैडेट्स के अनुशासन और सेवा भावना की जमकर प्रशंसा की।
इस अवसर पर उपायुक्त ने समस्त नाहन वासियों और पर्यटकों से भी रानीताल उद्यान की स्वच्छता बनाए रखने की भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि रानीताल नाहन की धरोहर और पहचान है, इसे स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल प्रशासन या किसी एक संस्था का नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे पार्क में कचरा न फैलाएं और सार्वजनिक संपत्तियों का रखरखाव एक जिम्मेदार नागरिक की तरह करें।