नाहन: किताबी ज्ञान से परे सिल्वर बेल्स के बच्चों का कमाल, प्रदर्शनी में बिखेरा प्रतिभा का जलवा

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल में आज से दो दिवसीय भव्य गणित और विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल सभागार में स्कूल निदेशक डॉ. आसीमा राघव और प्रधानाचार्य मीनाक्षी द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया।

इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके स्कूल को स्थापित हुए लगभग 38 वर्ष हो चुके हैं और उनका मुख्य उद्देश्य बच्चों को मजबूत बेसिक शिक्षा व एक ठोस फाउंडेशन देना है। उन्होंने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ बच्चों को टेक्स्टबुक से बाहर निकालकर एक ऐसा प्रैक्टिकल प्लेटफॉर्म देना बेहद जरूरी है, जिससे वे खुद करके सीख सकें तथा अपनी जिज्ञासा और इनोवेशन को बाहर ला सकें। इसी सोच के तहत साल भर होने वाली सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों (Co-curricular activities) के अंतर्गत इस दो दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है।

शिक्षकों के मार्गदर्शन में कक्षा 3 से कक्षा 8 तक के सभी छात्रों ने इस प्रदर्शनी में अत्यंत उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों द्वारा बनाए गए आकर्षक गणित और विज्ञान के मॉडल प्रदर्शनी हॉल में प्रदर्शित किए गए। कक्षा 3 के विद्यार्थियों द्वारा जल संसाधन, आकारों का शहर, कबाड़ से जुगाड़, भिन्न रोबोट और आरोही-अवरोही क्रम पर मॉडल बनाए गए। कक्षा 4 के छात्रों ने जल चक्र, जल संसाधन और मापन पार्क जैसे विषयों को प्रस्तुत किया। कक्षा 5 के विद्यार्थियों ने प्रकाश संश्लेषण, स्वस्थ खाओ-स्वस्थ रहो, कोण और उनके प्रकार तथा मापन जैसे मॉडलों का प्रदर्शन किया।

इसी प्रकार कक्षा 6 के छात्रों ने गति के प्रकार, ज्वालामुखी, वर्षा जल संचय और भिन्न के प्रकार प्रस्तुत किए। वहीं कक्षा 7 के विद्यार्थियों ने पाचन तंत्र, मैथ्स पार्क, सूर्य ग्रहण और इलेक्ट्रिक पवन चक्की आदि विषयों पर मॉडल बनाए। छात्रों ने अपने मॉडलों के माध्यम से वैज्ञानिक सिद्धांतों और गणितीय अवधारणाओं को बहुत ही रोचक तरीके से प्रस्तुत किया।

प्रदर्शनी के साथ-साथ आज स्कूल परिसर में अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का भी आयोजन किया गया। बैठक में सभी अभिभावकों को उनके बच्चों की अर्द्धवार्षिक रिपोर्ट दिखाई गई तथा शिक्षकों व अभिभावकों ने बच्चों के विकास के सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। PTM के साथ-साथ सभी अभिभावकों ने अपने बच्चों के साथ प्रदर्शनी का भी दौरा किया और बच्चों द्वारा की गई कड़ी मेहनत और रचनात्मकता को देखकर सभी अभिभावक बेहद गर्व महसूस कर रहे थे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।