नाहन : राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (GGSSS), बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-19 गर्ल्स फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई प्रतिभावान बालिका खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के समग्र प्रदर्शन, फिटनेस, तकनीकी दक्षता, खेल समझ और टीम वर्क के आधार पर राष्ट्रीय स्तर के लिए टीम का चयन किया गया।
इस प्रतियोगिता में करियर अकादमी नाहन की छात्रा अपूर्वा , पुत्री अजय कुमार सिंह, निवासी सैनवाला ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया। अपुर्वा ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान अपनी गति, बॉल कंट्रोल, पासिंग और रणनीतिक समझ से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया, जिसके चलते उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।

राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता का आयोजन 23 जनवरी 2026 से 28 जनवरी 2026 तक खुमान लामपाक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पश्चिम मणिपुर (मणिपुर) में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में अपुर्वा हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए मैदान में उतरेंगी। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, जिले और प्रदेश में गर्व और खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने अपूर्वा को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश सोलंकी ने अपुर्वा को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अपुर्वा की यह उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और इससे बालिका खेलों को प्रोत्साहन मिलेगा।
अपूर्वा की यह उपलब्धि न केवल करियर अकादमी नाहन बल्कि पूरे सिरमौर जिले और हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।