नाहन के गबरुओं का ‘नॉर्थ इंडिया’ में जलवा: ओजस ने जीता तीसरा, तो सुनील ने चौथा स्थान

नाहन : औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में आयोजित प्रतिष्ठित ‘6th ओपन बॉडीबिल्डिंग एंड फिजिक कॉन्टेस्ट’ (मिस्टर नॉर्थ इंडिया चैंपियनशिप) में नाहन के ‘बैरागी फिटनेस क्लब’ के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कोच दिव्यांश बैरागी के मार्गदर्शन में क्लब के दो होनहार एथलीटों, ओजस कश्यप और सुनील सैनी ने “नैचुरल बॉडीबिल्डिंग” वर्ग के टॉप-5 में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया है।

प्रतियोगिता में ओजस कश्यप ने अपनी बेहतरीन मसल्स डेफिनेशन और स्टेज प्रेजेंस के दम पर तृतीय (तीसरा) स्थान हासिल किया। ओजस हालांकि पहले से ही कसरत कर रहे थे, लेकिन पिछले एक साल से कोच दिव्यांश बैरागी की देखरेख में उनमे जबरदस्त सुधार आया है। कोच के सटीक मार्गदर्शन और ओजस की कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि वह आज ‘मिस्टर नॉर्थ इंडिया’ के मंच पर चमके हैं। इससे पहले भी ओजस मिस्टर हिमाचल (PC विनर), मिस्टर अंबाला और मिस्टर सिरमौर जैसे प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर चुके हैं।

वहीं, क्लब के दूसरे उभरते सितारे सुनील सैनी ने प्रतियोगिता में चौथा स्थान प्राप्त कर सबको हैरान कर दिया। सुनील पिछले मात्र 6 महीनों से दिव्यंश बैरागी से कोचिंग ले रहे हैं। अपनी पहली प्रतियोगिता के अनुभव से सीख लेते हुए और कोच द्वारा तकनीक में किए गए सुधारों की बदौलत सुनील ने इस बार ‘मिस्टर नॉर्थ इंडिया’ जैसे बड़े मंच पर कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच टॉप-5 में अपनी जगह पक्की की। उनकी यह छलांग क्लब और उनके भविष्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता पर खुशी जताते हुए कोच दिव्यांश बैरागी ने कहा कि उनका उद्देश्य युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर खेलों और फिटनेस को अपनाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके छात्र आगामी प्रतियोगिताओं में और भी बेहतर प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतेंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।