नाहन के जरजा में बदहाल नाले और बंद नालियों से विकराल हुआ संकट: घरों में घुसा पानी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : शहर के जरजा(कौलांवाला भूड़ रोड) में वार्ड नंबर 2 में बारिश के बाद स्थानीय निवासियों की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। क्षेत्र में स्थित नाले की बदहाली और समुचित सफाई न होने के कारण बारिश का पानी उफान पर आकर लोगों के घरों में घुस रहा है। पूर्व में उपायुक्त सिरमौर के समक्ष मामला उठाने के बावजूद समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया है, जिससे स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा असंतोष है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग पर कॉलेज रोड के लिए बनाई गई नाली पूरी तरह बंद पड़ी है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने और नाली अवरुद्ध होने के कारण पानी सड़क पर बहकर सीधे ढलान की ओर जा रहा है। पानी के इस प्रचंड वेग और लगातार हो रहे रिसाव का सबसे खतरनाक असर एक रिहाइशी मकान पर पड़ा है। पानी के रिसाव और दबाव के कारण मकान की नींव में बड़ी-बड़ी दरारें आ चुकी हैं।

निवासियों का कहना है कि पिछली बारिश के दौरान भी नाले का गंदा पानी उनके घरों के भीतर तक दाखिल हो गया था, जिससे घरेलू सामान का भारी नुकसान हुआ था। उस समय भी क्षेत्रवासियों ने उपायुक्त सिरमौर से मुलाकात कर नाले की मरम्मत और पक्की जल निकासी की मांग की थी। हालांकि, आश्वासन मिलने के बाद भी धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।

बरसात का मौसम आगे बढ़ने के साथ मलबे से अटे इस नाले के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। साथ ही घरों में गंदा पानी जमा होने से संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। क्षेत्र के निवासी चंचल शर्मा, कमलेश कुमार शर्मा, अमरनाथ शर्मा और जोगिंदर सिंह ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि बंद पड़ी नालियों की पोकलेन से सफाई करवाकर उन्हें तुरंत चौड़ा और पक्का बनाया जाए। जगह-जगह से टूटे और संकरे नाले को चौड़ा करके नए सिरे से पक्का किया जाए ताकि पानी का दबाव न बने। जल निकासी को व्यवस्थित करने और मकानों को बचाने के लिए पुख्ता सुरक्षा दीवार का निर्माण हो। निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र कदम उठाने को मजबूर होंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।