नाहन के माता पद्मावती नर्सिंग कॉलेज की सात छात्राओं का असिस्टेंट स्टाफ नर्स के पद पर चयन

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन: माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग ने नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर अपनी उत्कृष्टता साबित की है। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की ओर से आयोजित असिस्टेंट स्टाफ नर्स भर्ती परीक्षा में संस्थान की सात छात्राओं ने सफलता हासिल की है। छात्राओं की इस बड़ी उपलब्धि से कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल है। संस्थान प्रबंधन और नर्सिंग संकाय ने इस सफलता को छात्राओं की कड़ी मेहनत, समर्पण और बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन का परिणाम बताया है।

इन सात छात्राओं ने मारी बाजी

असिस्टेंट स्टाफ नर्स के पद पर चयनित छात्राओं में गांव माशू तहसील कमरऊ की पूजा चौहान पुत्री बहादुर सिंह, नाहन की अलीशा खान पुत्री सलीम खान, गांव कांडो चयोग तहसील कमरऊ की पूजा चौहान पुत्री प्रताप सिंह और राजगढ़ की मनीषा नाधोल्टा पुत्री आत्मा राम शामिल हैं। इनके अलावा मझौली की आस्था पुंडीर पुत्री किरण कुमार पुंडीर, गांव माशू तहसील कमरऊ की अनामिका धीमान पुत्री नेतर सिंह धीमान तथा मोगीनंद की कल्पना तोमर पुत्री अमित कुमार का भी चयन हुआ है।

सैद्धांतिक शिक्षा के साथ नैदानिक अभ्यास से मिली सफलता

इस उपलब्धि पर संस्थान के अध्यक्ष अनिल जैन ने सभी चयनित छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने प्रधानाचार्या और नर्सिंग संकाय की पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सफल करियर की दिशा में मार्गदर्शन देने में शिक्षकों की अहम भूमिका रही है। उन्होंने छात्राओं के दृढ़ संकल्प और समर्पण को उनकी सफलता का आधार बताया।

कॉलेज की प्राचार्या रिजी गीवर्गीस ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान में सैद्धांतिक शिक्षा के साथ-साथ साक्ष्य आधारित नैदानिक अभ्यास पर भी समान रूप से जोर दिया जाता है। इसी एकीकृत शिक्षण पद्धति से छात्राओं को विषयों की गहरी समझ विकसित करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रभावी तैयारी में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि संस्थान के पूर्व विद्यार्थी भी नर्सिंग के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा से विशेष पहचान बना रहे हैं।

वहीं, कॉलेज के सचिव सचिन जैन ने चयनित छात्राओं को बधाई देते हुए प्राचार्या और समस्त नर्सिंग संकाय के मार्गदर्शन की सराहना की। संस्थान प्रबंधन ने कहा कि सात छात्राओं का एक साथ चयन होना कॉलेज के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि अन्य छात्राओं को भी अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा देगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।

error: Not Allowed