नाहन के सांस्कृतिक आयोजनों का ‘स्तंभ’ गिरा, मेजर दीपक धवन के छोटे भाई तरुण धवन का असामयिक निधन

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के नाहन शहर के लिए रविवार की सुबह एक बेहद दुखद समाचार लेकर आई। शहर में “टाइगर डीजे” के नाम से पहचाने जाने वाले 48 वर्षीय तरुण धवन का अचानक निधन हो गया, जिससे पूरे नाहन में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तरुण धवन रविवार सुबह एसएफडीए हॉल में एक स्कूल के वार्षिक समारोह के लिए साउंड सिस्टम व अन्य तकनीकी व्यवस्थाएं कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे मौके पर ही गिर पड़े। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि यह घटना सुबह करीब साढ़े नौ बजे के आसपास की है। तरुण धवन सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक मेजर दीपक धवन के छोटे भाई थे। मेजर दीपक धवन ने हिल्स पोस्ट मीडिया से बातचीत में बताया कि दिवंगत तरुण धवन का अंतिम संस्कार रविवार शाम को किया जाएगा।

तरुण धवन बीते कई वर्षों से नाहन शहर में सामाजिक, सांस्कृतिक व वैवाहिक आयोजनों में साउंड, एलईडी स्क्रीन और डीजे सेवाओं के माध्यम से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे। अपने कार्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और तकनीकी दक्षता के चलते उन्होंने शहर में एक अलग पहचान बनाई थी।

उनका व्यवहार हमेशा हंसमुख और सहयोगी रहा। आयोजनों के दौरान वे न सिर्फ एक तकनीकी सेवा प्रदाता होते थे, बल्कि पूरे कार्यक्रम की ऊर्जा और उत्साह का अहम हिस्सा माने जाते थे। युवाओं से लेकर आयोजनकर्ताओं तक, सभी के बीच उनकी लोकप्रियता थी।

तरुण धवन के असामयिक निधन से उनके परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंची है, वहीं नाहन शहर ने भी अपने सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन से जुड़े एक अहम चेहरे को खो दिया है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।