नाहन :आज डॉ. वाई. एस. परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नाहन में वार्षिक CSCA सांस्कृतिक उत्सव “सबरंग” का भव्य आयोजन किया गया। इस उत्सव में छात्र-छात्राओं ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए संगीत, नृत्य और कला के बेहतरीन रंग बिखेरे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ CSCA अध्यक्ष तपस्या और उनकी टीम द्वारा मुख्य अतिथि, CSCA समन्वयक डॉ. देवराज शर्मा और वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. धनमंती कंडासी को सम्मानित करके किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन और संगीत विभाग के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मधुर सरस्वती वंदना के साथ सांस्कृतिक संध्या का आगाज़ हुआ।

उत्सव में मंच पर प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला। जहाँ अदम्य ने बीट-बॉक्सिंग से आधुनिकता का रंग जमाया, वहीं सान्वी ने राजस्थानी घूमर और सपना ने हरियाणवी नृत्य से दर्शकों की वाहवाही लूटी। हिमाचल की पारंपरिक संस्कृति को जीवंत करते हुए अभिषेक, नीलाक्षी, पूजा और गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं ने पहाड़ी नाटी की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं।
इसके अतिरिक्त, NCC की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत गिद्धा और संगीत विभाग के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सितार वादन ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। संचिता, तानिया और पियूष ने अपनी कविता पाठ से समाज को संदेश दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ संगीत, नृत्य और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेना विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को अपने शौकों को नियमित अभ्यास के जरिए निखारने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में CSCA उपाध्यक्ष शिवानी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और भारी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान के साथ किया गया।