नाहन: कौलावाला भूड़ में दो बाइकों की टक्कर, लिफ्ट लेकर जा रहे व्यक्ति की मौत

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन: कौलावाला भूड़ क्षेत्र में आज सुबह करीब 10:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की इस भीषण टक्कर में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राजिंदर सिंह उर्फ ताज (65) के रूप में हुई है। वह कौलावाला भूड़ से लगभग एक किलोमीटर पहले अपनी चाय की दुकान चलाते थे।

आज सुबह करीब 10:30 बजे वह अपने किसी काम से एक मोटरसाइकिल पर लिफ्ट लेकर निकले थे। कुछ ही दूरी तय करने पर उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार तरीके से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में राजिंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

हादसे का शिकार हुए राजिंदर सिंह उर्फ ताज अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। अचानक हुए इस हादसे से पूरे परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी नाहन शक्ति सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवा रही है और दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।