नाहन: गिरि पेयजल योजना की पाइपलाइन मरम्मत कार्य शुरू, वैकल्पिक दिनों में होगी पानी की सप्लाई

नाहन : शहर को पानी पहुंचाने वाली मुख्य पेयजल योजना की मुख्य पाइपलाइन की मरम्मत का काम आखिरकार आज से शुरू हो गया है। दरअसल, जल शक्ति विभाग ने इस मरम्मत कार्य के लिए पहले 10 जुलाई से 20 जुलाई तक का समय निर्धारित किया था, लेकिन क्षेत्र में लगातार हुई बारिश के कारण काम समय पर शुरू नहीं हो पाया था। अब विभाग ने आज से इस कार्य को युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है।

इस बारे में जानकारी देते हुए जल शक्ति विभाग नाहन वृत्त के अधीक्षण अभियंता (SE) राजीव महाजन ने बताया कि बारिश के कारण काम शुरू करने में भले ही देरी हुई हो, लेकिन विभाग का पूरा प्रयास रहेगा कि इसे पूर्व में निर्धारित की गई डेडलाइन यानी 20 जुलाई तक ही पूरा कर लिया जाए। उन्होंने बताया कि विभाग की टीमें पूरी मुस्तैदी से काम में जुट गई हैं ताकि तय समयसीमा के भीतर मरम्मत कार्य निपटाया जा सके और जनता को अधिक दिनों तक परेशान न होना पड़े।

मरम्मत कार्य के सुचारू संचालन के लिए नाहन शहर में पानी की सप्लाई वैकल्पिक दिनों पर की जाएगी। SE राजीव महाजन ने कहा कि जब तक मुख्य पाइपलाइन पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो जाती, तब तक शहरवासियों को पानी की किल्लत न हो, इसके लिए बैकअप प्लान तैयार किया गया है।

वर्तमान में नाहन नगर को सुचारू रूप से पानी उपलब्ध करवाने के लिए दो अन्य पेयजल योजनाओं से अतिरिक्त पानी की लिफ्टिंग की जा रही है। शहर को दो योजनाओं से अतिरिक्त पानी की सप्लाई दी जा रही है, ताकि वैकल्पिक दिनों में भी लोगों को पर्याप्त पानी मिल सके।

विभाग ने नाहन के सभी नागरिकों से इस अवधि के दौरान सहयोग की अपील की है। विभाग का विनम्र अनुरोध है कि पेयजल का केवल आवश्यक कार्यों के लिए ही इस्तेमाल करें और पानी को व्यर्थ बहने से बचाएं। आपके सहयोग से ही विभाग शहर के सभी वार्डों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पानी का बेहतर और समान वितरण सुनिश्चित कर पाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।