नाहन : हिमाचल प्रदेश के जल शक्ति विभाग, मण्डल नाहन में युवाओं के लिए रोजगार का अवसर सामने आया है। विभागीय आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए 30 पैरा वर्करों के पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है। इस प्रक्रिया के तहत पैरा पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर और मल्टीपर्पज वर्कर (MPW) के पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 15 सितंबर 2026 की शाम 5:00 बजे तक अपने आवेदन पत्र डाक द्वारा अथवा स्वयं कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।
जानकारी के अनुसार भरे जाने वाले कुल 30 पदों में श्रेणीवार आरक्षण लागू किया गया है। इसमें पैरा पंप ऑपरेटर के 08 पद शामिल हैं, जिनमें 04 पद अनारक्षित, 02 एससी, 01 ओबीसी और 01 पद ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए तय किए गए हैं। वहीं, पैरा फिटर के कुल 03 पदों में से 01 अनारक्षित, 01 एससी और 01 पद ओबीसी श्रेणी के लिए आरक्षित है। इसके अलावा सबसे अधिक 19 पद मल्टीपर्पज वर्कर (MPW) के भरे जाएंगे, जिनमें अनारक्षित श्रेणी के लिए 09, एससी के लिए 04, ओबीसी के लिए 03, ईडब्ल्यूएस के लिए 02 तथा एसटी श्रेणी के लिए 01 पद रखा गया है।

इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक और तकनीकी योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। पैरा पंप ऑपरेटर और पैरा फिटर के लिए आवेदक का न्यूनतम 10वीं पास होना आवश्यक है, साथ ही संबंधित ट्रेड (जैसे इलेक्ट्रीशियन, वायरमैन, डीजल/मोटर मैकेनिक, पंप ऑपरेटर या फिटर) में ITI या सरकारी कौशल विकास योजना का प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। वहीं मल्टीपर्पज वर्कर पद के लिए मान्यता प्राप्त स्कूल से 8वीं (मिडिल) उत्तीर्ण होना जरूरी है। मल्टीपर्पज वर्कर अभ्यर्थियों के लिए 8वीं कक्षा की डिटेल्ड अंक तालिका संलग्न करना अनिवार्य रहेगा और शॉर्टलिस्टिंग की मेरिट केवल 8वीं के अंकों के आधार पर ही तैयार की जाएगी।
आवेदकों की आयु 27 अगस्त 2026 को 18 वर्ष से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए तथा उनका हिमाचली बोनाफाइड (स्थायी निवासी) होना अनिवार्य है। आवेदन पत्र के साथ शैक्षणिक व तकनीकी योग्यता प्रमाणपत्र, आयु प्रमाण, हिमाचली बोनाफाइड, श्रेणी/जाति प्रमाणपत्र, नवीनतम चरित्र प्रमाणपत्र (एक वर्ष से पुराना न हो) तथा यदि लागू हो तो BPL व अनुभव प्रमाणपत्र की सत्यापित प्रतियां लगाना आवश्यक है।
प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद मेरिट सूची तैयार की जाएगी और शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को स्किल या फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। एक से अधिक पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को अलग-अलग आवेदन फॉर्म जमा करवाने होंगे। अभ्यर्थी अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपना आवेदन अधिशासी अभियंता, जल शक्ति मण्डल नाहन के पते पर समय से जमा करवा दें।