नाहन : नगर परिषद नाहन (MC Nahan) के अधीन आने वाली विभिन्न पार्किंग और ढाबों की नीलामी प्रक्रिया संपन्न हो गई है। इस वर्ष की नीलामी में नगर परिषद के राजस्व में खासी बढ़ोतरी देखने को मिली है। नीलामी की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की गई, जिसमें कई ठेकेदारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस बार पक्का टैंक पार्किंग की नीलामी सबसे चर्चा में रही, जो 27 लाख रुपये में महेश ठाकुर के नाम छूटी। गौरतलब है कि पिछले वर्ष यही पार्किंग 16 लाख 72 हजार रुपये में गई थी। इसी प्रकार, शिमला रोड स्थित पार्किंग को जितेंद्र सिंह ने 5 लाख रुपये में हासिल किया, जो पिछली बार 4 लाख 20 हजार रुपये थी। वहीं ढाबों मोहल्ला की पार्किंग शाहिद खान के पक्ष में 4 लाख 12 हजार रुपये में हुई, जबकि पिछली बार यह आंकड़ा 3 लाख 12 हजार रुपये था।

इस बार की नीलामी की खास बात यह है कि अब इन पार्किंग स्थलों पर दोपहिया वाहन (Two-Wheelers) भी पार्क किए जा सकेंगे, जिससे शहरवासियों और पर्यटकों को काफी सुविधा मिलेगी।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी (EO) संजय कुमार ने बताया कि नीलामी प्रक्रिया के साथ-साथ ठेकेदारों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी पार्किंग स्थलों पर रेट लिस्ट दीवार पर लिखनी होगी या फिर लोहे के बोर्ड पर लगानी होगी। रेट लिस्ट के लिए फ्लेक्स का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, ताकि कोई भी ठेकेदार जनता से अधिक वसूली न कर सके। साथ ही उन्होंने कहा कि रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से दिखने वाली जगह पर होनी चाहिए ताकि आम जनता जागरूक रहे और निर्धारित शुल्क ही चुकाए।