नाहन: मासूम के दिल के ऑपरेशन के लिए रोटरी क्लब, DC और RTO सिरमौर ने बढ़ाए मदद के हाथ

नाहन: जिला सिरमौर में मानवता की सेवा के अपने संकल्प को दोहराते हुए रोटरी क्लब नाहन एक बार फिर एक जरूरतमंद परिवार की उम्मीद बनकर सामने आया है। क्लब ने जिला के एक बच्चे के हृदय ऑपरेशन के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता प्रदान की है।

डिप्टी कमिश्नर सिरमौर के माध्यम से प्राप्त आवेदन पर तुरंत संज्ञान लेते हुए रोटरी क्लब नाहन ने ₹51,000 की आर्थिक सहायता जारी की। इस पुनीत कार्य में प्रशासनिक अधिकारियों ने भी व्यक्तिगत रूप से योगदान दिया है। प्रियंका वर्मा (IAS), डिप्टी कमिश्नर सिरमौर ने ₹11,000 और सोना चौहान, RTO नाहन ने ₹15,000 की सहायता राशि भेंट की।

जानकारी के अनुसार, जिला सिरमौर निवासी जग्गिया राम के पुत्र सुशील चौहान के हृदय में ब्लॉकेज की गंभीर समस्या पाई गई है। चिकित्सकों ने बच्चे को लाइफटाइम स्टेंट डालने की सलाह दी है, जिसका खर्च परिवार की क्षमता से बाहर था। बच्चे के पिता पेशे से मिस्त्री हैं और उनके पास इतने महंगे इलाज के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं थे। वर्तमान में बच्चे का उपचार आर्टेमिस अस्पताल, गुरुग्राम में चल रहा है।

रोटरी क्लब नाहन के अध्यक्ष मनीष जैन ने बताया कि बच्चे का ऑपरेशन 9 मार्च को गुरुग्राम के आर्टेमिस अस्पताल में होगा। उन्होंने बच्चे के सफल ऑपरेशन और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। मनीष जैन ने इस नेक कार्य में सहयोग के लिए डिप्टी कमिश्नर, आरटीओ और रोटरी क्लब के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।