नाहन : अग्र महिला मिलन संस्था द्वारा श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर ‘छठी उत्सव’ बड़े ही धूमधाम, उत्साह और श्रद्धा भाव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत “जय श्री कृष्णा” और “महाराज अग्रसेन की जय” के जयघोष के साथ हुई। इस अवसर पर संस्था द्वारा महिलाओं और बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
संस्था की ओर से जानकारी देते हुए बताया गया कि कान्हा जी के जन्मोत्सव के बाद छठी मनाने की विशेष परंपरा है, जिसे इस बार बड़े स्तर पर मनाया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज की उन महिलाओं को एक मंच प्रदान करना है जो झिझक के कारण आगे नहीं आ पातीं, ताकि वे अपने भीतर छुपे हुनर को सबके सामने ला सकें।

उत्सव के दौरान महिलाओं के लिए कान्हा जी का झूला सजाने तथा पंजीरी बनाने व सजाने की प्रतियोगिता रखी गई। संस्था की सदस्यों ने बेहद मेहनत और खूबसूरती के साथ झूले सजाए तथा भगवान श्री कृष्ण के प्रिय प्रसाद ‘पंजीरी’ को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। इसके साथ ही बच्चों के लिए विशेष डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
संस्था की पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय अपनी समर्पित कार्यकारिणी को दिया, जिन्होंने दिन-रात मेहनत करके इस आयोजन को सफल बनाया। इसके साथ ही संस्था की संरक्षिका श्रीमती मधु बिंदल का विशेष रूप से धन्यवाद व्यक्त किया गया, जो हमेशा संस्था को हर कार्य में प्रोत्साहन देती हैं और कदम से कदम मिलाकर मार्गदर्शन करती हैं।
अग्र महिला मिलन संस्था ने संकल्प दोहराया कि वे भविष्य में भी इसी तरह समाज की महिलाओं को आगे लाने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी।