नाहन : कल भगवान जगन्नाथ जी की 18वीं भव्य रथ यात्रा अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली जाएगी। इस ऐतिहासिक और पावन धार्मिक आयोजन में न केवल स्थानीय लोग, बल्कि विभिन्न राज्यों से आने वाले हजारों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने और पुण्य कमाने के लिए नाहन पहुंचते हैं। रथ यात्रा को लेकर शहर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पूरे क्षेत्र में भारी उत्साह का माहौल है।
इस बीच, भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा मंडल के अध्यक्ष प्रकाश बंसल ने यात्रा को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। मंडल के अध्यक्ष ने अंदेशा जताया है कि भीड़ का फायदा उठाने के लिए यात्रा के दौरान चोरों या जेबकतरों का गिरोह सक्रिय हो सकता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजित हुई रथ यात्राओं के दौरान कई बार भीड़भाड़ में लोगों के पर्स, मोबाइल और सोने-चांदी के जेवरात गायब होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, हालांकि पिछली रथ यात्रा इसका सुखद अपवाद रही थी और उसमें ऐसी कोई अनहोनी नहीं हुई थी।

अध्यक्ष प्रकाश बंसल ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे रथ यात्रा में शामिल होते समय अपने सामान व जेब का विशेष ध्यान रखें। विशेषकर महिलाओं से सोने-चांदी के भारी गहने पहनकर यात्रा में न आने और किसी भी प्रकार की कीमती वस्तु या मोटी नकदी साथ न लाने का आग्रह किया गया है ताकि किसी भी तरह के नुकसान से बचा जा सके।
चोरों के अंदेशे के बीच मंडल के अध्यक्ष ने श्रद्धालुओं को आश्वस्त भी किया है कि जिला व पुलिस प्रशासन इस भव्य आयोजन को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए पूरी तरह से सहयोग दे रहा है। भीड़ नियंत्रण और संदिग्धों पर नजर रखने के लिए पुलिस बल की विशेष तैनाती रहेगी। प्रशासन के पुख्ता इंतजामों के बीच प्रबंधन ने जनता से भी स्वयं जागरूक और सतर्क रहने की अपील की है।