नाहन : जिला सिरमौर पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अपनी मुहिम को तेज करते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। कल गश्त के दौरान पुलिस टीम को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि नाहन की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रह रहा एक व्यक्ति लंबे समय से शहर और इसके आसपास के क्षेत्रों में चरस बेचने का धंधा कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और आरोपी को रंगे हाथों दबोचने में सफलता प्राप्त की।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 222 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी की पहचान रणवीर सिंह, पुत्र हवा सिंह, निवासी गांव बुड्डा खेड़ा लाठ्ठर, तहसील जुलाणा, जिला जीन्द (हरियाणा) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में नाहन की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी काफी समय से पुलिस की रडार पर था और स्थानीय स्तर पर मादक पदार्थों की सप्लाई में मुख्य भूमिका निभा रहा था।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना नाहन में एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य पूछताछ के जरिए यह पता लगाना है कि चरस की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और नाहन में इसके संभावित खरीदार कौन थे।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि रणवीर सिंह से पूछताछ के दौरान नशे के इस काले कारोबार से जुड़े बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है। विभाग का कहना है कि वे इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुँचने के लिए प्रतिबद्ध हैं ताकि क्षेत्र को नशा मुक्त बनाया जा सके और इस अवैध धंधे में शामिल पूरे गिरोह को सलाखों के पीछे पहुँचाया जा सके। फिलहाल मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।