नाहन : सामाजिक सद्भावना और आध्यात्मिक उत्थान के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से नाहन में ज़ोन स्तरीय यूथ इंग्लिश मीडियम निरंकारी संत समागम का आयोजन किया गया। इस समागम में सोलन जोन से जुड़े संत निरंकारी मिशन के लोग शामिल हुए। दर्जनों युवाओं ने मंच से अपने विचार रखे और नशा मुक्ति, भाईचारा व समाज सेवा जैसे मुद्दों पर जागरूकता का संदेश दिया।
जोनल इंचार्ज विवेक कालिया ने कहा कि निरंकारी मिशन प्रमुख माता सुदीक्षा जी महाराज के आदेशों पर इस तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज के युवा वर्ग को नशे और सामाजिक बुराइयों से बचाकर उनकी ऊर्जा को समाज उत्थान की दिशा में प्रेरित करना मिशन का मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने आगे कहा कि संत निरंकारी मिशन न केवल आध्यात्मिक उत्थान बल्कि सामाजिक उत्थान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मिशन के माध्यम से रक्तदान शिविर, पौधारोपण अभियान, प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई जैसे अनेक कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। हाल ही में हिमाचल प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान भी मिशन के सेवादारों ने अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय सहयोग किया।
कालिया ने कहा कि निरंकारी मिशन पूरे संसार को एक परिवार मानकर “स्वयं सुखी रहो और समाज को सुखी रखो” के सिद्धांत पर कार्य करता है।