नाहन में सनसनी: रास्ते में रोककर दो भाइयों पर चाकू से किया हमला, पुलिस जांच में जुटी

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : शहर के कैंट चौक के समीप बीती रात दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में दोनों भाई घायल हुए हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता विशाल (पुत्र स्वर्गीय बिमल कुमार), निवासी मकान नंबर 576/11, कच्चा टैंक, नाहन ने पुलिस थाना सदर नाहन में मामला दर्ज करवाया है। विशाल ने अपनी शिकायत में बताया कि बीती रात करीब 9:30 बजे वह अपने भाई चेतन के साथ कैंट चौक के पास स्थित ‘BIG WAY’ के समीप खड़ा था।

इसी दौरान आर्मी कैंट एरिया निवासी कमल नारायण वहां पहुंचा और बिना किसी कारण के दोनों भाइयों के साथ गाली-गलौज करने लगा। जब विवाद बढ़ता देख विशाल और चेतन वहां से अपने घर की ओर जाने लगे, तो आरोपी ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि आरोपी कमल नारायण ने अचानक उन पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में शिकायतकर्ता विशाल के गले पर चाकू लगा, जबकि उसके भाई चेतन के कान के पास गंभीर चोट आई है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ और घटना से जुड़े साक्ष्यों की जांच में जुटी हुई है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में लंबे समय का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।