नाहन में सम्मानित हुई राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता जीतने वाली U-19 टीम

नाहन : जिला सिरमौर क्रिकेट संघ ने आज प्रदेश की विजेता U-19 क्रिकेट टीम के सम्मान में एक विशेष समारोह का आयोजन किया। इस दौरान टीम के सभी खिलाड़ियों को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

समारोह को संबोधित करते हुए जिला सिरमौर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अत्तर सिंह नेगी ने बताया कि वर्ष 2014 के बाद यह पहली टीम है जिसने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। फाइनल मुकाबले में सिरमौर की टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए हमीरपुर को 158 रनों के विशाल अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया।

खिलाड़ियों की मेहनत की सराहना करते हुए नेगी ने कहा कि जिले में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन अच्छे मैदान न होने के कारण अभ्यास में बाधा आती थी। उन्होंने खुशखबरी साझा की कि क्रिकेट संघ मैदान के लिए लगातार प्रयास कर रहा है और जल्द ही कोलर में एक बेहतरीन क्रिकेट मैदान बनकर तैयार हो जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व रणजी खिलाड़ी गुरविंदर सिंह टोली के निजी प्रयासों की भी प्रशंसा की, जिन्होंने पांवटा साहिब के बहराल में 3 टर्फ विकेट वाला शानदार मैदान तैयार किया है।

अध्यक्ष ने याद दिलाया कि जब हिमाचल क्रिकेट संघ ने अकादमियों की शुरुआत की थी, तब पूरे राज्य में सबसे ज्यादा 7 अकादमियां अकेले सिरमौर जिले में खोली गई थीं। उन्होंने तुलना करते हुए बताया कि उस समय कांगड़ा जैसे बड़े जिले में भी केवल 4 अकादमियां थीं, जो सिरमौर की क्रिकेट प्रतिभा को दर्शाता है।

अत्तर सिंह नेगी ने टीम की जीत में कोच आदित्य कटोच की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आदित्य के कुशल मार्गदर्शन और कठोर प्रशिक्षण की बदौलत ही खिलाड़ियों की तकनीक में निखार आया और वे चैंपियन बन सके। इस अवसर पर संघ के सचिव राजेंद्र सिंह बब्बी, कोच मोहन शर्मा सहित संघ के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।