नाहन में स्कॉर्पियो की टक्कर से घायल 8 वर्षीय मासूम आर्यन ने PGI में तोड़ा दम

Photo of author

By Hills Post

नाहन: सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के लखदाता पीर क्षेत्र के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को गहरे शोक में डुबो दिया है। बीती रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए 8 वर्षीय मासूम आर्यन सूर्या ने शुक्रवार सुबह पीजीआई (PGI) चंडीगढ़ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद मासूम आर्यन को नाहन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था, जहां शुरुआती इलाज के दौरान उसकी हालत स्थिर बताई जा रही थी। लेकिन देर रात अचानक आर्यन की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उसे बेहद गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया।

चंडीगढ़ पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्चे को ब्रेन डेड घोषित कर दिया था। कुछ घंटों तक उसकी स्थिति को लेकर संशय बना रहा, लेकिन आखिरकार शुक्रवार सुबह इस मासूम ने अपनी आखिरी सांस ली और जिंदगी की जंग हार गया।

मृतक मासूम आर्यन सूर्या नाहन के कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल का छात्र था। वह पक्का टैंक (लखदाता पीर) के समीप रहने वाले राकेश सूर्या और नीरज बाला का इकलौता बेटा था। आर्यन की माता शमशेर स्कूल में बतौर शिक्षिका कार्यरत हैं। यह परिवार मूल रूप से हरिपुरधार क्षेत्र के चुनवी गांव का रहने वाला है।

मासूम के निधन की खबर मिलते ही जहां पूरे नाहन शहर में मातमी सन्नाटा पसर गया, वहीं कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में भी अपने होनहार छात्र को श्रद्धांजलि देने के लिए एक शोक सभा का आयोजन किया गया। परिजन आर्यन के पार्थिव शरीर को पीजीआई चंडीगढ़ से उनके पैतृक गांव चुनवी (हरिपुरधार) ले जा रहे हैं, जहां उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

इस दर्दनाक हादसे ने नाहन शहर की यातायात व्यवस्था, तंग सड़कों और बेतरतीब पार्किंग की गंभीर समस्या को एक बार फिर से उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संकीर्ण सड़कों पर बढ़ते वाहनों के दबाव और तेज रफ्तार के कारण पैदल चलने वाले बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा दांव पर लगी है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे हादसों को रोकना मुश्किल होगा।

उधर, पुलिस अधीक्षक (SP) निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज में एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार मुड़ती हुई दिखाई दे रही है। अंदेशा जताया जा रहा है कि बच्चे को टक्कर मारने के बाद चालक गाड़ी लेकर विपरीत दिशा की ओर फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।