नाहन : डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन के ब्लड बैंक में ‘O पॉजिटिव’ और ‘AB नेगेटिव’ रक्त समूह की कमी उत्पन्न हो गई थी। ब्लड बैंक में इन ग्रुप्स के रक्त की अनुपलब्धता के कारण अस्पताल में उपचाराधीन गंभीर मरीजों के उपचार और सुरक्षा पर संकट मंडराने लगा था। ऐसे में मरीजों की जान बचाने और समय पर रक्त उपलब्ध करवाने के लिए सामाजिक संस्था ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी सिरमौर’ के सदस्य तुरंत आगे आए।
ब्लड बैंक में O+ रक्त की कमी की जानकारी मिलते ही ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी के सदस्य अखिल बंसल और उनके भाई निखिल बंसल तत्काल अस्पताल पहुंचे। दोनों सगे भाइयों ने एक साथ O+ रक्तदान किया। दोनों भाइयों ने अपने जीवन का 5वां रक्तदान करते हुए उपचाराधीन मरीजों की जान बचाने की सराहनीय पहल की।

इसके साथ ही, समाजसेवा के इस पुनीत कार्य में हाथ बटाते हुए संस्था के अध्यक्ष ईशान राव और सदस्य पिंटू ने भी O+ रक्त समूह के लिए रक्तदान किया। वहीं दूसरी ओर, अत्यंत दुर्लभ श्रेणी के AB- रक्त की कमी को पूरा करने के लिए बालकृष्ण ने रक्तदान कर मानवता का फर्ज निभाया।
ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी सिरमौर के अध्यक्ष ईशान राव ने बताया कि संस्था का मुख्य ध्येय यही है कि नाहन मेडिकल कॉलेज में इलाज करवा रहे किसी भी मरीज को रक्त के अभाव में परेशानी न झेलनी पड़े और हर अनमोल जीवन को समय रहते सुरक्षित किया जा सके। युवाओं के इस त्वरित कदम और निस्वार्थ रक्तदान के लिए अस्पताल प्रशासन और मरीजों के परिजनों ने संस्था का आभार व्यक्त किया है।