नाहन: राहुल गांधी पर FIR के बाद भड़की कांग्रेस, दिया उग्र आंदोलन का अल्टीमेटम

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला मुख्यालय नाहन में आज जिला कांग्रेस कमेटी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित और झूठा करार देते हुए इसे तुरंत वापस लेने की मांग की है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह अत्यंत दुखद विषय है कि केंद्र सरकार नेता प्रतिपक्ष से पूरी तरह डरी हुई है। नेता प्रतिपक्ष लगातार जनहित के मुद्दे उठा रहे हैं और मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद हुए घटनाक्रम व शुद्धिकरण मामले को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं। जिस कार्रवाई की उम्मीद जनता केंद्र सरकार से कर रही थी, वह तो सरकार कर नहीं पाई, उल्टे अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस जन ने देश की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आज महंगाई चरम पर है, चंदा चोरी और NEET पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार कोई बात करने को तैयार नहीं है। जनता के असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ अनर्गल आरोप लगाकर मामले दर्ज किए जा रहे हैं।

कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि सभी कार्यकर्ता इस तरह की दमनकारी नीतियों का कड़ा विरोध करते हैं। नाहन में एकत्रित कांग्रेस जनों ने महामहिम राष्ट्रपति से मांग की है कि नेता प्रतिपक्ष पर दर्ज की गई झूठी एफआईआर को तुरंत रद्द किया जाए। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि यह एफआईआर वापस नहीं ली गई, तो कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।