नाहन: रुमित ठाकुर का केंद्र पर हमला; बोले “स्वर्ण समाज की आवाज दबा रही सरकार”

नाहन: राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के अध्यक्ष रुमित ठाकुर ने दिल्ली में यूजीसी (UGC) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे स्वर्ण समाज के लोगों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की है। जिला मुख्यालय नाहन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने इस कार्रवाई को “दुर्भाग्यपूर्ण” और “लोकतंत्र की हत्या” करार दिया।

रुमित ठाकुर ने कहा कि देश के कोने-कोने से स्वर्ण समाज के लोग अपनी जायज मांगों को लेकर दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए इकट्ठा हुए थे। लेकिन केंद्र सरकार के इशारे पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों को जबरन डिटेन किया गया और घंटों तक हिरासत में रखा गया, जो बेहद निंदनीय है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार समाज के विभिन्न वर्गों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है।

रुमित ठाकुर ने आगामी राजनीतिक रणनीति का खुलासा करते हुए कहा कि दिल्ली में स्वर्ण समाज ने एकजुट होकर बड़ा फैसला लिया है। राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में भी पार्टी के कार्यकर्ता मैदान में उतरेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस और भाजपा दोनों को “आईना दिखाना” है, ताकि स्वर्ण समाज की अनदेखी का हिसाब लिया जा सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।