नाहन: विधायक अजय सोलंकी ने किया कैंट हाई स्कूल के 44 लाख के नए भवन का उद्घाटन

नाहन : ऐतिहासिक कैंट हाई स्कूल में लंबे समय से चली आ रही कमरों की कमी अब दूर हो गई है। स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने आज स्कूल के नवनिर्मित अतिरिक्त भवन का विधिवत लोकार्पण किया। इस भवन के निर्माण पर लगभग 44 लाख रुपए की राशि खर्च की गई है, जिससे अब विद्यार्थियों को आधुनिक और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

उद्घाटन के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि कैंट हाई स्कूल परिसर में कक्षाओं की कमी काफी समय से महसूस की जा रही थी। इस नए भवन के तैयार होने से अब स्कूल प्रबंधन को कक्षाएं संचालित करने में आसानी होगी और शैक्षणिक माहौल में सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।

समारोह के दौरान स्थानीय लोगों और स्कूल प्रबंधन ने विधायक के समक्ष कैंट हाई स्कूल को सीनियर सेकेंडरी स्कूल (10+2) का दर्जा दिलाने की मांग प्रमुखता से रखी। इस पर विधायक अजय सोलंकी ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि इस मांग को जल्द ही मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमानुसार जो भी आवश्यक प्रावधान होंगे, उन्हें पूरा कर स्कूल के विस्तार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।