नाहन : जिला मुख्यालय नाहन में सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक कार्यालय में सशस्त्र सेना भूतपूर्व सैनिक दिवस जिला स्तर पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और उनकी समस्याओं पर मंथन करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान सैनिक कल्याण बोर्ड द्वारा भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य प्रशासनिक समस्याओं को लेकर भूतपूर्व सैनिकों से संवाद किया गया, ताकि इनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिकों ने अपने अनुभव भी साझा किए।

उपनिदेशक सैनिक कल्याण बोर्ड सिरमौर दीपक धवन ने बताया कि हर वर्ष 14 जनवरी को देशभर में सशस्त्र सेना भूतपूर्व सैनिक दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि 14 जनवरी 1953 को भारत के पहले फील्ड मार्शल जनरल के.एम. करियप्पा के सेवानिवृत्त होने की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है।
दीपक धवन ने कहा कि इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य वर्तमान सैनिकों और भूतपूर्व सैनिकों के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करना तथा सरकार द्वारा उनके कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सैनिक कल्याण बोर्ड सदैव तत्पर रहेगा।