नाहन: हिंदू आश्रम में स्थापित हुए गणपति महाराज, 29 अगस्त को विसर्जन

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : नवयुवक मंडल द्वारा हर वर्ष की भांति इस बार भी गणपति उत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यह गणपति उत्सव 11वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। इसी कड़ी में मंगलवार को हिंदू आश्रम नाहन में गणपति महाराज की भव्य मूर्ति विधि-विधान के साथ स्थापित की गई। इस अवसर पर नवयुवक मंडल के सदस्यों के साथ-साथ शहर के अनेक श्रद्धालु भी मौजूद रहे।

नवयुवक मंडल नाहन के अध्यक्ष अमिल अग्रवाल ने जानकारी दी कि चार दिवसीय गणपति उत्सव का शुभारंभ बीते दिन गणपति महाराज की शोभायात्रा से हुआ था। वहीं आज मूर्ति स्थापना के बाद शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय कलाकार गणपति बप्पा की महिमा का गुणगान करेंगे।

हिंदू आश्रम में स्थापित हुए गणपति महाराज

उन्होंने बताया कि कल यानी 28 अगस्त को नवयुवक मंडल की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में 60 से 80 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है। रक्तदान शिविर के बाद शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक बाहर से आमंत्रित कलाकार भक्ति गीतों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगे।

उत्सव का समापन 29 अगस्त को होगा। इस दिन सुबह 11 बजे हिंदू आश्रम नाहन से गणपति महाराज की भव्य विसर्जन यात्रा पांवटा साहिब के लिए रवाना होगी। दोपहर 3 बजे यमुना नदी के तट पर पूरे विधि-विधान के साथ गणपति बप्पा की मूर्ति का विसर्जन किया जाएगा।

अध्यक्ष अमिल अग्रवाल ने सभी शहरवासियों से आग्रह किया है कि वे बड़ी संख्या में इस आयोजन में शामिल होकर गणपति महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करें और उत्सव को सफल बनाएं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।