नाहन : सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के बाल्मीकि चौक पर हुए हिंसक विवाद और पथराव के मामले में गिरफ्तार किए गए 11 आरोपियों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। अदालत में सुनवाई के दौरान कानून प्रक्रिया के तहत आज सभी 11 आरोपियों की जमानत याचिका मंजूर कर ली गई है, जिसके बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए डीएसपी नाहन शक्ति सिंह ने बताया कि 23 अक्टूबर की घटना के संदर्भ में दर्ज एफआईआर के तहत गिरफ्तार किए गए सभी 11 आरोपियों को आज अदालत से जमानत मिल गई है।

गौरतलब है कि 23 अक्टूबर को बाल्मीकि चौक पर दो पक्षों के बीच हुए विवाद और पथराव के बाद नाहन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के 11 लोगों को गिरफ्तार किया था। प्रारंभिक 3 दिनों के पुलिस रिमांड और उसके बाद न्यायिक हिरासत की अवधि पूरी होने के उपरांत आज अदालत द्वारा सभी आरोपियों को जमानत दे दी गई। डीएसपी शक्ति सिंह ने बताया कि आरोपियों की जमानत के बावजूद मामले में पुलिस द्वारा कानूनी अन्वेषण और जांच की प्रक्रिया नियमानुसार जारी रहेगी।