नौहराधार अस्पताल में डॉक्टर के कथित दुर्व्यवहार पर भड़कीं महिलाएं

Photo of author

By Hills Post

नाहन: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नौहराधार में सोमवार को एक डॉक्टर के कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ क्षेत्र की दर्जनों महिलाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन की अध्यक्षता ग्राम पंचायत नौहराधार की प्रधान विद्या देवी ने की। आक्रोशित महिलाओं ने अस्पताल परिसर में नारेबाजी की और स्वास्थ्य विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

विवाद के बाद ओपीडी बंद करने का आरोप, बिना इलाज लौटे मरीज
प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि सीएचसी में तैनात एक महिला डॉक्टर का मरीजों के साथ व्यवहार लंबे समय से ठीक नहीं है। इसी समस्या के समाधान के लिए सोमवार को दर्जनों महिलाएं डॉक्टर की ओपीडी में पहुंचीं। महिलाओं का कहना है कि उन्होंने पहले शांतिपूर्वक बातचीत कर मामला सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन डॉक्टर ने उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया।

महिलाओं के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर डॉक्टर ने ओपीडी का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया। इसके चलते इलाज के लिए आए कई मरीजों को बिना उपचार करवाए ही वापस घर लौटना पड़ा। इस घटना से भड़की महिलाओं ने अस्पताल परिसर में नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज करवाया।

ओपीडी में निजी कैमरे और मानहानि की धमकी पर उठे सवाल
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने डॉक्टर की ओपीडी में निजी कैमरा लगाए जाने का गंभीर मुद्दा भी उठाया। महिलाओं का कहना है कि ओपीडी मरीजों की निजता और गोपनीयता से जुड़ा स्थान है, ऐसे में वहां व्यक्तिगत कैमरा लगाए जाने से कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कैमरे की अनुमति, उसके उद्देश्य और रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की जांच की मांग की है। इसके अलावा कुछ महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि डॉक्टर के रवैये से पहले भी कई लोग परेशान हो चुके हैं और विरोध करने पर मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाने की बात कहकर लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास किया जाता है।

सीएमओ नाहन को भेजा लिखित ज्ञापन
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने सीएचसी नौहराधार के मेडिकल ऑफिसर (एमओ) के माध्यम से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) नाहन को लिखित शिकायत और ज्ञापन भेजा है। महिलाओं ने स्वास्थ्य विभाग से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करवाने, ओपीडी में लगे निजी कैमरे की वैधता जांचने और अस्पताल में मरीजों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की है। अब क्षेत्र की जनता की निगाहें स्वास्थ्य विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।

error: Not Allowed