पंजेहरा स्कूल के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में लहराया परचम

Photo of author

By Hills Post

सोलन: उपमंडल नालागढ़ के अधीन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर कसौली, जिला सोलन में आयोजित जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजेहरा के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया है। इस प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिता में विभिन्न ब्लॉकों की 12 टीमों के कुल 544 बच्चों ने अपनी खेल प्रतिभा का जौहर दिखाया। प्रतियोगिता में पंजेहरा स्कूल से कबड्डी टीम के पांच छात्र, वॉलीबॉल के दो और कुश्ती प्रतियोगिता में एक खिलाड़ी ने भाग लिया था।

शानदार खेल का प्रदर्शन और पदक

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजेहरा की कबड्डी टीम के पांचों खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया और उपविजेता की चमचमाती ट्रॉफी हासिल की। इसके अलावा, कुश्ती प्रतियोगिता में भी स्कूल के खिलाड़ी ने बेहतरीन दांवपेंच दिखाते हुए दूसरा स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल (रजत पदक) अपने नाम किया। उपमंडल कसौली के जिला अध्यक्ष ने विजेता और उपविजेता रही टीमों को ट्रॉफियां और सिल्वर मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।

प्रातःकालीन सभा में प्रधानाचार्या का प्रेरणादायी संबोधन

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती संगीता ने प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में सभी विजेता बच्चों को अपना स्नेहिल आशीर्वाद दिया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने बहुत ही प्रेरणादायी बात कही कि बच्चों को हर प्रकार के बुरे नशों से दूर रहना चाहिए और यदि नशा करना ही है, तो वह केवल ‘पढ़ाई का नशा’ होना चाहिए, जिसके आगे बाकी सभी नशे फीके पड़ जाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को हमेशा खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए और अपने जीवन का एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए, ताकि वे उसके अनुसार वार्षिक परीक्षा के लिए कड़ी मेहनत कर सकें और अपना मुकाम हासिल कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने माता-पिता, गुरुजनों, अपने गांव और स्कूल का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षक वर्ग की मेहनत और स्कूल का कायाकल्प

प्रधानाचार्या ने पी.ई.टी. राम पाल और डी.पी.ई. जसपाल सिंह राणा को बधाई देते हुए कहा कि यह शानदार सफलता उनकी ही कड़ी मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम है, जिसके कारण स्कूल की टीम उपविजेता रही। इसके अतिरिक्त, उन्होंने इस पूरे आयोजन में सहयोग देने वाले समस्त स्टाफ सदस्यों को भी बधाई दी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले अंडर-14 और अंडर-19 खेलों में भी यह स्कूल उपविजेता रहा था और अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी कबड्डी व कुश्ती में फिर से उपविजेता बनकर स्कूल ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब से प्रधानाचार्या ने पंजेहरा स्कूल का कार्यभार संभाला है, तब से विद्यालय का कायाकल्प ही हो गया है। स्कूल को पहले से कई गुना बेहतर बना दिया गया है। विद्यालय के प्रांगण में लहलहाते अशोका के पेड़ और रंग-बिरंगे फूलों से सजा प्रांगण तथा चारों तरफ फैली हरियाली इस बात का स्पष्ट संकेत है कि यहां पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम किया जा रहा है, और यही वजह है कि पंजेहरा स्कूल दिन-प्रतिदिन दिन दूगुनी रात चौगुनी उन्नति कर रहा है। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।