नाहन : पुलिस थाना पच्छाद के अंतर्गत क्वागधार हेलीपैड के पास थार गाड़ी और मोटरसाइकिल के बीच हुई भीषण टक्कर में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसा सोमवार सुबह तेज रफ्तार और गलत दिशा से आ रही बाइक के थार से टकराने के कारण हुआ। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पच्छाद पुलिस को सूचना मिली थी कि क्वागधार हेलीपैड के पास एक कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सराहां अस्पताल पहुंची, जहां घायल का इलाज चल रहा था।

अस्पताल में शिकायतकर्ता डॉ. निखिल भारद्वाज (निवासी गांव धनोह, डाकघर बागटा, तहसील सदर, जिला बिलासपुर) ने पुलिस को बताया कि वह अपनी थार गाड़ी (HP24F-2110) में चंडीगढ़ से सराहां की ओर आ रहे थे। सुबह करीब 10:00 बजे जब वे क्वागधार हेलीपैड से थोड़ा पीछे मोड़ पर पहुंचे, तो सराहां की तरफ से आ रही एक मोटरसाइकिल (HR04K-5637) बेहद तेज रफ्तार और गलत दिशा में आकर सीधे उनकी थार से टकरा गई।
दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक पंकज कुमार (निवासी संत निरंकारी सत्संग भवन अहमदपुर, तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला) को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे तुरंत इलाज के लिए सराहां अस्पताल पहुंचाया गया।
पच्छाद पुलिस ने डॉ. निखिल भारद्वाज की शिकायत पर लापरवाही और गलत दिशा में बाइक चलाने के आरोप में मोटरसाइकिल चालक पंकज कुमार के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की आगामी तफ्तीश कर रही है।