नाहन : पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मरयोग गांव में एक तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से 10 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में गांव मरयोग की निवासी सुधा शर्मा ने बताया कि बीते कल शाम करीब 5:15 बजे उनका बेटा कार्तिक घर से सड़क की तरफ गया था। जब वह सड़क पार कर रहा था, उसी समय सोलन की ओर से आ रही एक पिकअप (संख्या HP63C-7376) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मासूम कार्तिक के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी खून बहने लगा, जिसे देख परिजनों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। घायल बच्चे को तुरंत उपचार के लिए जोनल अस्पताल सोलन ले जाया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
पिकअप चालक की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस थाना पच्छाद ने शिकायत के आधार पर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(a) के तहत अभियोग दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।