नाहन : हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार जारी है। इसी कड़ी में जिला सिरमौर के पुलिस थाना पच्छाद की टीम ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति को अवैध देसी शराब की बोतलों के साथ रंगे हाथों दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, बीते कल पच्छाद पुलिस की एक टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुमारहट्टी-नाहन मुख्य सड़क पर एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पानवा स्थित श्री भुरेश्वर महादेव मंदिर गेट के नजदीक जाल बिछाया।

पुलिस टीम ने देखा कि एक व्यक्ति अपने कंधे पर सफेद रंग का थैला उठाकर श्री भुर्शिंग महादेव की तरफ पैदल जा रहा था। शक होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने अपना नाम पंकज कुमार (पुत्र गौतम प्रकाश), निवासी गांव कोठीदेव, डाकघर नैनाटिक्कर, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर (H.P.) बताया। जब पुलिस टीम ने आरोपी के सफेद थैले की तलाशी ली, तो उसके भीतर से 12 अदद (बोतलें) कांच की देसी शराब (मार्का) बरामद हुई, जिसका वह कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने अवैध शराब को कब्जे में लेकर आरोपी पंकज कुमार के खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में धारा 39(1)(a) हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में आगामी तफ्तीश कर रही है कि आरोपी यह शराब कहाँ से लाया था और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था।