सोलन: परवाणू पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रहे अपने अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चिट्टा (हेरोइन) तस्करी की चेन के मुख्य सप्लायर को चंडीगढ़ से दबोच लिया है। पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज (Backward Linkage) और तकनीकी निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए मनीमाजरा, चंडीगढ़ निवासी 25 वर्षीय शिवम उर्फ काकू को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर उसके कब्जे से भी करीब 7 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इससे पहले, 31 जनवरी 2026 को पुलिस ने हिमुडा ग्राउंड, परवाणू के पास गश्त के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को 7.34 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा था। इनमें से एक आरोपी 18 वर्षीय आर्यन (निवासी पिंजौर) को गिरफ्तार किया गया था, जबकि उसके साथ मौजूद एक नाबालिग को पूछताछ के बाद परिजनों को सौंप दिया गया था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी आर्यन को अदालत में पेश कर 4 दिन का रिमांड हासिल किया था। रिमांड के दौरान पुलिस की कड़ी पूछताछ और कॉल डिटेल्स के विश्लेषण से यह खुलासा हुआ कि उन्होंने यह नशा मनीमाजरा के शिवम से 14,000 रुपये में खरीदा था। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जाल बिछाया और 2 फरवरी को मुख्य सप्लायर शिवम को गिरफ्तार कर लिया। आज (3 फरवरी) आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नशे का यह नेटवर्क और कहां तक फैला हुआ है।