परवाणू में 500 नशीली गोलियों के साथ दो युवक गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में पुलिस थाना परवाणू की टीम ने टोल बैरियर परवाणू पर नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को भारी मात्रा में नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इन तस्करों के मंसूबों को नाकाम कर दिया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र परवाणू में गश्त और अपराधों की रोकथाम के लिए मुस्तैद पुलिस टीम को गुप्त सूत्रों से यह सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ की दिशा से दो युवक एक मोटरसाइकिल पर नशीली दवाइयां लेकर आ रहे हैं। इस पुख्ता सूचना पर टीम ने तुरंत टोल बैरियर परवाणू पर विशेष नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान यश कुमार 20 वर्ष, निवासी देयुंघाट, डाकघर सपरून, जिला सोलन और सोनू कुमार 24 वर्ष, निवासी देहूं चौकी, डाकघर कंडाघाट, जिला सोलन के रूप में बताई।

पुलिस टीम ने जब दोनों युवकों और उनके वाहन की तलाशी ली, तो उनके कब्जे से 500 टैबलेट नशीली दवा (Tapentadol Hydrochloride Tablets) बरामद की गई। जब पुलिस ने इन नशीली दवाइयों के संबंध में पूछताछ की, तो दोनों आरोपी मौके पर कोई भी वैध लाइसेंस या वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में पूरी तरह से विफल रहे। यह बरामद नशीली दवा ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट (Drugs & Cosmetics Act) के अंतर्गत प्रतिबंधित श्रेणी में आती है।

अवैध रूप से नशीली दवाओं की तस्करी करने के आरोप में पुलिस ने दोनों युवकों के विरुद्ध ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 18 के तहत कड़ी कार्रवाई अमल में लाई है। आगामी कानूनी कार्रवाई और विस्तृत जांच के लिए पुलिस ने दोनों आरोपियों को बरामद की गई नशीली गोलियों सहित ड्रग निरीक्षक के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहनता से जांच की जा रही है ताकि उनके तस्करी नेटवर्क का पूरा पता लगाया जा सके।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।