पांवटा साहिब: कार में छिपाई थी सवा किलो से ज्यादा चरस, दो आरोपी हिरासत में

नाहन : सिरमौर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने पांवटा साहिब के बांगरन चौक के पास नाकेबंदी के दौरान एक कार (नंबर CH04C-7097) से 1.258 किलोग्राम चरस बरामद की है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें पुलिस को पहले ही आरोपियों की संदिग्ध गतिविधियों के बारे में विश्वसनीय इनपुट मिल गया था।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान लक्ष्य नेगी (पुत्र नरेश, निवासी गोजर अडैन, पांवटा साहिब) और यश (पुत्र ओम प्रकाश, निवासी डोण्डली, पांवटा साहिब) के रूप में हुई है। पुलिस टीम जब बांगरन चौक के पास गश्त पर थी, तभी इन आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें अवैध मादक पदार्थ के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

इस मामले के संदर्भ में पुलिस थाना पुरुवाला में ND&PS एक्ट की धारा 20, 29-61-85 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर उनका पुलिस रिमांड हासिल करने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की जाएगी ताकि इस नशे के व्यापार से जुड़े पूरे नेटवर्क और अन्य साथियों का पता लगाकर इस रैकेट को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।