पांवटा साहिब: छुट्टी पर घर आए फौजी जवान का आकस्मिक निधन; क्षेत्र में शोक की लहर

नाहन : उपमंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत आते गांव टोका नगला से एक बेहद ही दुखद और हृदयविदारक खबर सामने आई है। भारतीय सेना की 156 FIELD REGIMENT, देहरादून में सेवारत गनर मुकेश कुमार, पुत्र उजागर सिंह का आकस्मिक निधन हो गया है। इस दर्दनाक खबर के बाद से पूरे क्षेत्र, गांव और सैनिक परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, गनर मुकेश कुमार हाल ही में 30 दिन के अवकाश (छुट्टी) पर अपने घर आए हुए थे। गुरुवार, 21 मई 2026 को खेत में कार्य करते समय वह अचानक 11 केवी (KV) हाई वोल्टेज बिजली की लाइन की चपेट में आ गए। करंट इतना जोरदार था कि जवान को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के तुरंत बाद उन्हें नागरिक अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस भयानक हादसे के बाद परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।

दिवंगत गनर मुकेश कुमार एक कर्तव्यनिष्ठ एवं बहादुर सैनिक थे। उन्होंने वर्ष 2015 में भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा का व्रत लिया था। उनकी इस असामयिक और आकस्मिक मृत्यु से हर आँख नम है।

जैसे ही इस दर्दनाक हादसे की खबर क्षेत्र में फैली, भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब व शिलाई के पदाधिकारी तुरंत सिविल हॉस्पिटल पांवटा साहिब पहुंचे। संगठन की ओर से कैप्टन नारायण सिंह बिरसानटा, कैप्टन मामराज चौहान, सचिव ओम प्रकाश चौहान और कोषाध्यक्ष इंदर सिंह ने अस्पताल पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और अपना पूर्ण सहयोग दिया। संगठन ने इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का संकल्प दोहराया है। साथ ही संगठन ने प्रशासन से पुरजोर अनुरोध किया है कि दिवंगत जवान के परिवार को हर संभव सहायता और सम्मान तुरंत प्रदान किया जाए।

जवान का पार्थिव शरीर नागरिक अस्पताल पांवटा साहिब से आगामी कार्रवाई के लिए डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन भेजा गया था, जहाँ शव का पोस्टमार्टम करवा कर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। जानकारी के अनुसार, गनर मुकेश कुमार का अंतिम संस्कार कल शुक्रवार, दिनांक 22 मई को सुबह 9 बजे उनके पैतृक गांव टोका नगला में पूरे राजकीय एवं सैनिक सम्मान के साथ किया जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।