पांवटा साहिब: बिना नंबर की बाइक पर ‘चिट्टे’ के साथ पुलिस ने धौलाकुआं के दो युवक दबोचे

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस सब डिवीजन पांवटा साहिब की ‘स्पेशल डिटेक्शन टीम’ (Special Detection Team) ने नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एक और सफलता हासिल की है। पुलिस ने बहराल से धौलाकुआं की ओर आ रहे दो युवकों को स्मैक (चिट्टा) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सचिन पुत्र जय प्रकाश और विकास पुत्र श्याम लाल के रूप में हुई है, दोनों ही धौलाकुआं क्षेत्र के निवासी हैं।

जानकारी के अनुसार, कल स्पेशल डिटेक्शन टीम गश्त और गुप्त सूचनाएं जुटाने के लिए पांवटा साहिब उपमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि सचिन और विकास एक काले रंग की बिना नंबर वाली ‘स्प्लेंडर प्लस’ मोटरसाइकिल पर भारी मात्रा में स्मैक लेकर बहराल से धौलाकुआं की तरफ आ रहे हैं। गुप्त सूचना में यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि तुरंत नाकेबंदी की जाए, तो आरोपियों से नशीला पदार्थ बरामद किया जा सकता है।

सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने जाल बिछाया और संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकवाकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 2.72 ग्राम स्मैक (चिट्टा) बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही नशीला पदार्थ और बिना नंबर की मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।

एस पी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना माजरा में एनडीपीएस एक्ट (ND&PS Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह स्मैक कहां से खरीद कर लाए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। फिलहाल मामले में आगामी अन्वेषण जारी है और पुलिस अन्य कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।