नाहन : सिरमौर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ अपनी मुहिम को तेज करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। एनडीपीएस (ND&PS) मामले में ‘बैकवर्ड लिंकेज’ की जांच करते हुए पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं और इस गिरोह के तीसरे आरोपी को भी दबोच लिया है।
बता दें कि बीते 23 अप्रैल को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने पांवटा साहिब ट्रक यूनियन के पास एक टेंपो (HP17G-2868) को रोका था। तलाशी के दौरान पुलिस ने रविकान्त उर्फ बंटी (निवासी टोका नगला, पांवटा साहिब) और विकास (निवासी सहारनपुर, यूपी) के कब्जे से 1104 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर ND&PS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से हुई गहन पूछताछ के बाद इस नेटवर्क की कड़ियां सहारनपुर से जुड़ीं। आरोपियों की निशानदेही पर 26 अप्रैल को पुलिस टीम ने सहारनपुर के गांव गोवर्धनपुर ढलानी में गफ्फार पुत्र स्व. रशीद के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के एक कमरे में सोफों के पीछे छिपाकर रखे गए एक कट्टे से 7440 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही 51 वर्षीय आरोपी गफ्फार को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी गफ्फार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सिरमौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बाहरी राज्यों के जो नशा सरगना हिमाचल में जहर घोलने का काम कर रहे हैं, उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि नशा तस्करी के इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस दृढ़ संकल्पित है और आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।