नाहन : पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम ने नशामुक्त अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक युवक को स्मैक/हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते कल जब पांवटा साहिब पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति यमुना घाट बैरियर की तरफ से पैदल गर्ल्स स्कूल की ओर स्मैक/हेरोइन की खेप लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताई गई जगह पर नाकेबंदी कर संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की और उसकी नियमानुसार तलाशी ली।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान निशु सैनी पुत्र सुरेन्द्र, निवासी गांव क्यारदा (डाकघर मिश्रवाला, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर) के रूप में बताई। जब पुलिस टीम ने आरोपी की तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 2.53 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि वह यह खेप कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने जा रहा था। मामले में आगामी जांच जारी है।