पांवटा साहिब में 835 ग्राम चरस के साथ 3 महिलाएं गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

पांवटा साहिब: सिरमौर जिला के पांवटा साहिब में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सिंघपुरा पुलिस चौकी की टीम ने गश्त के दौरान 835 ग्राम चरस (सुल्फा) की खेप के साथ तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि ये तीनों महिलाएं पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के जिला देहरादून, विकासनगर की रहने वाली हैं और हिमाचल में नशा सप्लाई करने की फिराक में थीं।

पुलिस के अनुसार, सिंघपुरा चौकी की टीम खोदरी माजरी से गांव गोजर की तरफ गश्त पर थी। इसी दौरान उन्हें तीन महिलाओं की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली, तो उनके पास से 835 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान शानू राय निवासी शाहपुर, कल्याणपुर, विकासनगर (देहरादून)। बबीता निवासी भीमावाला, विकासनगर (देहरादून) और आशिया परवीन निवासी विद्यापीठ मार्ग, विकासनगर (देहरादून) के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना पुरुवाला में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20, 29, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इन महिलाओं को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि यह मामला किसी बड़े अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि वे यह चरस कहां से लाई थीं और हिमाचल में इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।