नाहन : सिरमौर जिले के औद्योगिक कस्बे पांवटा साहिब से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ दिनदहाड़े हथियारबंद युवकों के एक गिरोह ने खूनी खेल खेलते हुए एक युवती का अपहरण कर लिया। बदमाशों ने न केवल पीड़ितों की गाड़ियों में तोड़फोड़ की, बल्कि बीच-बचाव करने आए दो युवकों पर जानलेवा हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता कुमारी तनीषा (निवासी गांव लाहड़पुर, डाकघर सढौरा, तहसील बिलासपुर, जिला यमुनानगर, हरियाणा) ने पुलिस को दी गयी शिकायत में बताया कि 6 नवंबर को वह अपनी चचेरी बहन और अन्य साथियों के साथ गाड़ी में सवार होकर पांवटा साहिब आई हुई थी।

जैसे ही उनकी गाड़ी पांवटा साहिब के व्यस्तम वाई-प्वाइंट (Y-Point) पर पहुंची, तभी ऐलन सैनी (निवासी गदौसी) अपने करीब 6 से 7 साथियों—जिनमें जसन, केशव, काका रंधावा शामिल थे—दो अलग-अलग गाड़ियों में वहां आ धमका। आरोपियों ने गाड़ियों से उतरते ही शिकायतकर्ता की गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपियों के हाथों में डंडे और अन्य तेजधार हथियार थे। उन्होंने आते ही बिना कुछ सोचे-समझे गाड़ियों पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया और उन्हें बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान गाड़ियों के शीशों को तोड़कर अंदर बैठे लोगों के साथ मारपीट की गई। बदमाशों के इस हिंसक हमले में संचित शर्मा और जमू चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए।
वारदात की भयावहता यहीं खत्म नहीं हुई। हमलावरों ने गुंडागर्दी की सारी हदें पार करते हुए शिकायतकर्ता की चचेरी बहन को जबरन घसीटकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया और जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी खुलासा किया है कि मुख्य आरोपी ऐलन सैनी और उसके साथी पिछले काफी समय से उसे और उसकी चचेरी बहन को लगातार परेशान कर रहे थे तथा तरह-तरह की धमकियां दे रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम तुरंत हरकत में आई और वाई-प्वाइंट पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी ऐलन सैनी, जसन, केशव, काका रंधावा सहित अन्य 6-7 अज्ञात साथियों के खिलाफ अपहरण, जानलेवा हमला, तोड़फोड़, महिला उत्पीड़न और आपराधिक साजिश सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि अपहृत युवती की सुरक्षित बरामदगी और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है तथा आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।